
जमशेदपुर: नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) एक बार फिर राज्य की सबसे प्रतिष्ठित हॉकी प्रतियोगिताओं में शामिल ‘नवल टाटा’ हॉकी झारखंड सब-जूनियर एवं जूनियर स्टेट चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी करने जा रही है। यह लगातार पांचवां अवसर होगा जब इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जमशेदपुर स्थित नवल टाटा हॉकी अकादमी में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन 10 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक होगा।
पांच दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में झारखंड के विभिन्न जिलों से 140 से अधिक युवा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य के उभरते हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना और भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करना है। मेजबान नवल टाटा हॉकी अकादमी इस बार भी अपने घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन दोहराने के इरादे से उतरेगी। अकादमी ने पिछले दो वर्षों से लगातार सब-जूनियर और जूनियर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं।
प्रतियोगिता को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। सब-जूनियर वर्ग की प्रतियोगिताएं 10 अगस्त से शुरू होंगी और 12 अगस्त को तीसरे स्थान के मुकाबले तथा फाइनल के साथ समाप्त होंगी। इसके बाद 12 अगस्त की शाम से जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता शुरू होगी, जिसका फाइनल 14 अगस्त की शाम को खेला जाएगा।सब-जूनियर वर्ग में पूल-ए में नवल टाटा हॉकी अकादमी, सिमडेगा, गुमला और रामगढ़ की टीमें शामिल हैं, जबकि पूल-बी में खूंटी, हजारीबाग, रांची और पश्चिमी सिंहभूम की टीमें मुकाबला करेंगी। वहीं जूनियर वर्ग के पूल-ए में नवल टाटा हॉकी अकादमी, खूंटी, गुमला और जामताड़ा को रखा गया है। पूल-बी में सिमडेगा, रांची, हजारीबाग और पश्चिमी सिंहभूम की टीमें आमने-सामने होंगी।
अकादमी प्रबंधन ने कहा कि लगातार पांचवीं बार इस प्रतियोगिता की मेजबानी करना गर्व की बात है। इससे राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेगा और झारखंड में हॉकी को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के कौशल को निखारने के साथ-साथ भविष्य के राष्ट्रीय खिलाड़ियों की पहचान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उल्लेखनीय है कि हॉकी ऐस फाउंडेशन, जो टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट की संयुक्त पहल है, नवल टाटा हॉकी अकादमी (जमशेदपुर) और ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर (भुवनेश्वर) के माध्यम से जमीनी स्तर से लेकर उच्च स्तर तक हॉकी प्रतिभाओं को विकसित करने का कार्य कर रहा है।