Spread the love

जमशेदपुर: टाटा स्टील फाउंडेशन और जमशेदपुर कंटीन्यूअस एनीलिंग एंड प्रोसेसिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने कोल्हान क्षेत्र में सामुदायिक विकास को गति देने के लिए तीन वर्षों की रणनीतिक साझेदारी की है। इस संबंध में दोनों संस्थानों के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के तहत पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में शिक्षा, कौशल विकास, आदिवासी पहचान एवं विकास, खेल, दिव्यांग समावेशन और अन्य सामुदायिक कल्याण कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। दोनों संस्थाएं स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाओं की पहचान कर उनका संयुक्त रूप से क्रियान्वयन करेंगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस साझेदारी के तहत मस्ती की पाठशाला, सबल सेंटर जमशेदपुर, प्रोजेक्ट समृद्धि, ज्योति स्कॉलरशिप, गोल्फ प्रोजेक्ट, सबल ज्ञानोदय, आईटीआई चांडिल के छात्रों को प्रायोजन तथा आसपास के समुदायों के विकास से जुड़े कई कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
एमओयू पर JCAPCPL के प्रबंध निदेशक कपिल मोदी और टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरव रॉय ने हस्ताक्षर किए। समारोह में दोनों संस्थानों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कपिल मोदी ने कहा कि यह साझेदारी शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, सौरव रॉय ने कहा कि यह पहल कोल्हान की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यक्रमों को मजबूत करेगी और लोगों के जीवन में स्थायी सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार साबित होगी। समझौते के तहत सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, निगरानी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में समावेशी और सतत विकास को बढ़ावा मिल सके।

error: Content is protected !!
Exit mobile version