
जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र निवासी रियान की मौत के मामले में परिजनों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। विगत 26 मार्च को हुई इस घटना में चिकित्सकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी के विरोध में आज मृतक रियान के परिजनों ने जिला मुख्यालय के समक्ष धरना देकर प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। बताया जा रहा है कि रियान की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टर बदर और डॉक्टर अजय प्रसाद के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। लेकिन मामला दर्ज होने के इतने दिन बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। इसी नाराज़गी के तहत आज परिजन और स्थानीय लोग जिला मुख्यालय पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द आरोपित डॉक्टरों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा। परिजनों ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और उग्र करेंगे। फिलहाल इस पूरे मामले पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।