चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के पांडुकी गांव में छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल पांडुकी गांव के लोगों को मझगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के कुछ घायलों के ओडिशा में इलाज कराने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत मझगांव प्लस टू उच्च विद्यालय में नौवीं कक्षा के छात्रों के बीच कहासुनी से हुई थी। बताया जाता है कि टिफिन के दौरान कुछ छात्र स्कूल के समीप स्थित जंगल में धूम्रपान कर रहे थे। पांडुकी गांव के छात्रों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वहां आदिवासी समाज का पवित्र देसाउली पूजा स्थल है और इस स्थान की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव पैदा हो गया।
विद्यालय प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर छात्रों को समझाकर मामला शांत कराया। एहतियात के तौर पर स्कूल प्रबंधन ने टिफिन के दौरान छात्रों के बाहर निकलने पर भी रोक लगा दी थी। हालांकि अगले दिन स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों पक्षों के युवक आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। घटना में प्रदीप बिरुवा, प्रदीप कुमार हेंब्रम, राजकुमार बिरुवा, बामिया बिरुवा, घनश्याम बिरुवा, रघुनाथ गोप, तुषार हेंब्रम और दिलीप बिरुवा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार दूसरे पक्ष के भी कई लोग घायल हुए हैं, लेकिन उनके नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा और पूर्व विधायक बड़कुवर गागराई सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। बाबूलाल मरांडी ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की। मझगांव थाना प्रभारी धीरज कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।


