जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 452 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा के अलावा एक बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस को 15 जुलाई की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि स्वासपुर गांव के पास पुराना राखामाइंस की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री और परिवहन कर रहा है। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्वासपुर निवासी 45 वर्षीय नागेन भकत को मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले प्लास्टिक के पैकेट से करीब 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 452 ग्राम गांजा, वीवो कंपनी का एक स्मार्टफोन और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। इस संबंध में जादूगोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(A) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस छापेमारी अभियान में डीएसपी रोहित कुमार रजवार, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, एएसआई मो. मुस्ताक अंसारी समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे


