Spread the love

जमशेदपुर। सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा–2026 का समापन समारोह शनिवार को संस्थान के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (TSUISL) के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने की।
अपने संबोधन में डॉ. संदीप घोष चौधरी ने कहा कि स्वच्छता, वृक्षारोपण और जागरूकता अभियानों के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं मुख्य अतिथि अतुल कुमार भटनागर ने स्वच्छता को सामाजिक और तकनीकी चुनौती बताते हुए कहा कि इसके समाधान के लिए अनुसंधान संस्थानों, उद्योगों, सरकारी एजेंसियों और नागरिक समाज के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने वैज्ञानिकों से अपशिष्ट प्रबंधन और सतत तकनीक पर नए शोध एवं समाधान विकसित करने का आह्वान किया।
स्वच्छता पखवाड़ा के अध्यक्ष डॉ. गोपी किशोर मंडल ने 1 से 15 मई तक आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, तकनीकी कार्यशाला, भित्ति चित्रकला, निबंध लेखन, एलिवेटर पिच और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को संयोजक बिस्वजीत भौमिक द्वारा पुरस्कृत किया गया।
समारोह में एनएमएल के कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे। अंत में प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

error: Content is protected !!
Exit mobile version