Spread the love

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा पालमो गांव के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर करीब 20 फीट दूर सड़क पर जा गिरे। मृतकों की पहचान तिसरी थाना क्षेत्र के राउतडीह गांव निवासी 20 वर्षीय प्रिंस यादव और 20 वर्षीय विवेक यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक तिसरी चौक से घरेलू सामान खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

पहादसे में प्रिंस यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल विवेक यादव को स्थानीय लोगों और तिसरी थाना पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। एक साथ दो युवकों की मौत की खबर से परिवारों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया, जबकि राउतडीह गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने के बाद तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा बोलेरो को जब्त कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार प्रतीत हो रही है। बोलेरो चालक की पहचान और दुर्घटना के अन्य कारणों की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version