जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रकों में सो रहे दो चालकों पर हथियारबंद बदमाशों ने लूट की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने दोनों पर चापड़ से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों में दहशत का माहौल है। घायलों की पहचान प्रमोद सिंह और जय प्रकाश रजक के रूप में हुई है। घायल चालकों ने बताया कि देर रात बाइक पर सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे। सबसे पहले वे जय प्रकाश रजक के ट्रक के केबिन में घुस गए और मोबाइल फोन तथा नकदी की मांग करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने चापड़ से उनके सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। इसके बाद तीनों अपराधी पास में खड़े दूसरे ट्रक में सो रहे चालक प्रमोद सिंह के पास पहुंचे और उनसे भी मोबाइल व रुपये छीनने का प्रयास किया। जब उन्होंने विरोध किया तो उन पर भी चापड़ से हमला कर दिया। चालकों का आरोप है कि तीनों बदमाशों के पास पिस्तौल भी थी, जिससे वे लगातार धमका रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ितों का कहना है कि कुछ देर बाद वही बदमाश दोबारा लौटे और फिर उनके साथ मारपीट कर दहशत फैलाते हुए भाग निकले।
पुलिस से सुरक्षा देने की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही ट्रांसपोर्टरों और अन्य चालकों में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में चालक और ट्रांसपोर्टर बर्मामाइंस थाना पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, रात के समय पेट्रोलिंग बढ़ाने और ट्रक चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान घायल चालक भी थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ते अपराध और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।