Spread the love

जमशेदपुर: सोनारी थाना पुलिस ने 31 जुलाई को बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरसानगर निवासी पंकज हरपाल उर्फ हेनरी (24) और रोहित कुमार मुर्मू (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर 220 (JH05CN-3650) भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने गुरुवार को बताया कि 31 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे 58 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव एच रोड के पास पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो बदमाश पीछे से आए और उनके गले से सोने की चेन झपटकर भागने लगे। भागने के दौरान उनकी बाइक असंतुलित होकर एक वाहन से टकरा गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद वे बाइक मौके पर छोड़कर पैदल फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बाइक जब्त कर थाना लाया और वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जब्त बाइक के दस्तावेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर 6 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पंकज हरपाल के खिलाफ बिष्टुपुर, टेल्को, आदित्यापुर, सिदगोड़ा और बिरसानगर थाना में चोरी, लूट, छिनतई, चोरी की संपत्ति रखने तथा एनडीपीएस एक्ट समेत कुल नौ मामले दर्ज हैं। वहीं रोहित कुमार मुर्मू के खिलाफ गोविंदपुर, टेल्को, गोलमुरी और साकची थाना में छिनतई, लूट, चोरी की संपत्ति रखने और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े सात मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि दोनों शातिर अपराधी लंबे समय से चेन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक वारदातों में सक्रिय थे। उनकी गिरफ्तारी से शहर में हाल के दिनों में हुई चेन स्नैचिंग की अन्य घटनाओं के भी खुलासे की उम्मीद है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version