Spread the love

सरायकेला: आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी चेक डैम में शनिवार को नहाने के दौरान दो किशोरों के डूब जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद आरआईटी थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने एक किशोर का शव डैम से बाहर निकाल लिया। मृतक की पहचान आदित्यपुर एस-टाइप निवासी लव कुमार के रूप में हुई है। वहीं दूसरे किशोर उत्सव कुमार (15 वर्ष), जो आदित्यपुर के कल्पनापुरी का रहने वाला है, का समाचार लिखे जाने तक कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस और गोताखोर लगातार डैम के गहरे हिस्सों में उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही दोनों किशोरों के परिजन आसंगी चेक डैम पहुंच गए। घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे इलाके में मातम का माहौल छा गया। परिजन यह जानने की कोशिश करते रहे कि दोनों किशोर आखिर इतनी दूर चेक डैम तक कैसे पहुंचे। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव अभियान जारी रखा। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता लापता किशोर का पता लगाना है। उसके बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों किशोर नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके। पुलिस ने बरसात के मौसम में चेक डैम, नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में नहाने से बचने की अपील की है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का आग्रह किया है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

error: Content is protected !!
Exit mobile version