Spread the love
जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में इन दिनों दुकानदारों और प्रशासन के बीच किराया वृद्धि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कागलनगर बाजार और गुदरी बाजार के व्यापारियों ने अचानक बढ़ाए गए किराए पर नाराज़गी जताते हुए प्रशासन से जवाब मांगा है।
सोनारी स्थित कागलनगर बाजार और गुदरी बाजार के दुकानदारों में इन दिनों काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि वे वर्षों से टाटा स्टील द्वारा लीज पर दी गई दुकानों में अपना व्यवसाय चला रहे हैं और नियमित रूप से किराया जमा करते आ रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार, मार्च 2026 से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के अधिकारियों द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के किराया बढ़ाकर मांगा जा रहा है। जब व्यापारियों ने इस बढ़ोतरी का आधार और संबंधित आदेश की जानकारी लेनी चाही, तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
अचानक हुई इस बढ़ोतरी के विरोध में दुकानदारों ने फिलहाल बढ़े हुए किराए का भुगतान रोक दिया है। उनका साफ कहना है कि जब तक उन्हें किराया वृद्धि से संबंधित लिखित आदेश की प्रति नहीं मिल जाती, वे पुराने किराए का ही भुगतान करेंगे।
व्यापारियों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि किराया भुगतान की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए। उन्होंने सुझाव दिया है कि काउंटर, ऑनलाइन, बैंक या पोस्ट ऑफिस के माध्यम से रसीद के साथ भुगतान की सुविधा दी जाए, ताकि किसी तरह की भ्रम की स्थिति न बने।
error: Content is protected !!
Exit mobile version