
जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां फर्जी वंशावली बनाकर जमीन बेचने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला पोटका के पिछली गांव का है, जहां पीड़ित सुनील कर्मकार और उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही रहने वाले शिकास भगत ने फर्जी वंशावली तैयार कर उनकी करीब 1 एकड़ 2 डिसमिल जमीन को अवैध रूप से बेच दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस फर्जीवाड़े में ग्राम प्रधान के लेटर पैड और स्टाम्प का भी दुरुपयोग किया गया है। मामले को लेकर पीड़ितों ने उपायुक्त, एसएसपी, अंचल अधिकारी और पोटका थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, इस गंभीर मामले को लेकर ग्राम प्रधान जीतेंद्र सरदार की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में सभी ने एक स्वर में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्राम प्रधान ने भी साफ तौर पर कहा कि उनके नाम से फर्जी लेटर पैड और स्टाम्प का इस्तेमाल किया गया है, जो पूरी तरह गैरकानूनी है।
रिपोर्ट : बिनोद केसरी