Spread the love

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के राहरगोड़ा चौक पर शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच पुराना विवाद फिर भड़क गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और चाकूबाजी की घटना हो गई। इसमें तीन युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
घायलों की पहचान प्रीतम सिंह, जय किशन और प्रकाश ठाकुर के रूप में हुई है। प्रीतम सिंह और जय किशन को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं प्रकाश ठाकुर का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। तीनों की स्थिति को लेकर पुलिस अस्पताल से जानकारी जुटा रही है।
समझौते के लिए जुटे थे दोनों पक्ष
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। बाद में विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने के लिए दोनों पक्ष राहरगोड़ा चौक के पास पहुंचे। बातचीत के दौरान एक बार फिर मामला बिगड़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
इसी दौरान चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना में तीनों युवक घायल हो गए। शुरुआती जानकारी में विवाद के पीछे एक युवती से जुड़ा मामला बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के साथ घायलों के साथ मौजूद लोगों और उनके दोस्तों से भी पूछताछ की है। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की पूरी वजह और चाकूबाजी की शुरुआत किस ओर से हुई, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!
Exit mobile version