
जमशेदपुर/घाटशिला : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ खनन टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में देर रात से सुबह तक सघन जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध बालू लदे सात हाईवा वाहनों को जब्त किया गया।
रात 1 बजे शुरू हुआ अभियान, सुबह 7 बजे तक चली जांच
खनन टास्क फोर्स ने गुरुवार की देर रात करीब रात 1 बजे से सुबह 7 बजे तक धालभूमगढ़ क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान बालू लदे हाईवा वाहनों की जांच की गई। जांच में सात वाहनों के चालक बालू परिवहन से संबंधित वैध चालान प्रस्तुत नहीं कर सके।
चालान नहीं मिला तो सातों हाईवा जब्त
वैध दस्तावेज नहीं मिलने के बाद खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए सभी सात हाईवा को जब्त कर लिया। जब्त वाहनों को धालभूमगढ़ थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इन सात वाहनों पर हुई कार्रवाई
- JH05DP 5145
- JH05DR 3886
- JH05EB 3034
- JH09AT 6401
- JH05CW 5059
- JH01DB 8588
- JH01DY 7953
अवैध खनन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन के मुताबिक खनिज संपदा के अवैध दोहन में शामिल लोगों और वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












