
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र स्थित डोबो पुल पर बुधवार देर रात एक युवती के आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ युवकों की तत्परता और सजगता ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजे एक युवती पुल पर संदिग्ध स्थिति में खड़ी थी। कुछ ही देर बाद उसने नदी में छलांग लगाने का प्रयास किया। युवती की हरकत पर आसपास मौजूद युवकों की नजर पड़ गई। उन्होंने बिना देर किए तत्काल उसे पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर ले जाकर समझाने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही सोनारी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लिया। पुलिस द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती किसी मानसिक या व्यक्तिगत तनाव से जूझ रही थी, हालांकि पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने युवकों के साहसिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यदि वे समय रहते हस्तक्षेप नहीं करते तो घटना दुखद रूप ले सकती थी। पुलिस युवती के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है और उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जा रही है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगालने में जुटी हुई है।