Spread the love


जमशेदपुर: दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जमशेदपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला झामुमो के बैनर तले साकची गोलचक्कर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप था कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि जिन एजेंसियों और पुलिस को पेपर लीक के आरोपियों और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए थी, वही शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
विक्टर सोरेन ने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित ज्यादती के विरोध में झामुमो ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया है। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

error: Content is protected !!
Exit mobile version