जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा में गुरुवार की सुबह हुए सड़क हादसे ने शाम तक बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक प्रेम महतो के इलाज और दुर्घटना करने वाली कार के मालिक पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों व स्थानीय लोगों ने डीबी रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और गरमा गया, जब डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल के इलाज में मदद की अपील करते हुए एक युवक डीएसपी के पैर पकड़ने लगा। आरोप है कि इससे नाराज डीएसपी ने युवक को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग भड़क उठे और पुलिस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घायल प्रेम महतो के परिजनों का कहना है कि उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज के लिए करीब आठ लाख रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिजन सहायता की उम्मीद लेकर बागबेड़ा थाना पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस की ओर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। परिजनों का दावा है कि थाना प्रभारी ने उन्हें खुद ही दुर्घटना करने वाली कार के मालिक को तलाशने की बात कही। इसी के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। उल्लेखनीय है कि गुरुवार सुबह बागबेड़ा में एक तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में शिक्षक प्रेम महतो गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं।

हंगामे की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।