Spread the love

जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जमशेदपुर वन प्रमंडल की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वॉक फॉर एनवायरमेंट नामक इस आयोजन में शहर के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों समेत करीब 400 लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई। इस दौरान आरसीसीएफ स्मिता पंकज और डीएफओ सबा आलम अंसारी ने प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और पर्यावरण बचाने के लिए दैनिक जीवन में सकारात्मक कदम उठाने की अपील की। इसके बाद लगभग पांच किलोमीटर लंबी जागरूकता पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में शामिल लोग हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लिए हुए थे। पूरे मार्ग में हरियाली बढ़ाने, वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने संबंधी नारों से माहौल गूंजता रहा।

आरसीसीएफ समित पंकज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। वहीं डीएफओ सबा आलम अंसारी ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि वन विभाग लगातार पौधारोपण और संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में विभाग की ओर से सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर जनसहभागिता बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।

error: Content is protected !!
Exit mobile version