जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 किलो गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की बाजार कीमत करीब 16.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। कार्रवाई सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मानगो बस स्टैंड के पास की गई। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के आसपास कुछ लोग ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप लेकर बिहार जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और छापेमारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने पकड़ा। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 33 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान बिहार के पटना निवासी उमेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा के साथ आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। माना जा रहा है कि मोबाइल की जांच से तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप ओडिशा में कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ और मोबाइल की जांच के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।


