Spread the love

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर बंद घर की सुरक्षा को चुनौती देते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रोड नंबर-1 स्थित टाटा मोटर्स कर्मचारी मो. रिजवान के क्वार्टर को बदमाशों ने निशाना बनाया। घर में कोई मौजूद नहीं था, इसी दौरान चोर मुख्य गेट का ताला काटकर अंदर दाखिल हुए और अलमारी में रखे गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी का पता रविवार सुबह उस वक्त चला, जब मो. रिजवान परिवार के साथ अपने क्वार्टर लौटे। घर के अंदर पहुंचने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर अलमारी से गहने और नकदी गायब मिले। रिजवान ने पुलिस को बताया कि चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब तीन लाख रुपये है। जानकारी के अनुसार, मो. रिजवान रात में परिवार के साथ मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अपने घर चले गए थे। क्वार्टर को पूरी तरह बंद करने के बाद वे वहां से निकले थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया। बदमाशों ने पहले मुख्य गेट का ताला काटा और फिर कमरे में रखी अलमारी को खंगाल डाला। गहने निकालने के बाद चोर उनके डिब्बे वहीं छोड़ गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पीछे के दरवाजे से निकल गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों की रिकॉर्डिंग से संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

बंद घरों पर चोरों की नजर, बढ़ी लोगों की चिंता

टेल्को क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि घरों के साथ-साथ रात में बंद रहने वाली दुकानों में भी चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। लगातार हो रही वारदातों के बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version