Spread the love

पटना: बिहार के पूर्णिया सेंट्रल जेल के संसीमन (डिटेंशन) केंद्र से बांग्लादेशी नागरिक मन्ना के फरार होने का मामला सामने आया है। फरार कैदी की पहचान बांग्लादेश के नारायणपुर जिले के अजीज नगर थाना क्षेत्र निवासी सिकंदर शाह के पुत्र मन्ना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह संसीमन केंद्र की खिड़की की लोहे की रॉड तोड़कर जेल से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले में खजांची हाट थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है और फरार कैदी की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर एक जांच टीम गठित की गई है। टीम यह पता लगाएगी कि संसीमन केंद्र से बांग्लादेशी नागरिक कैसे फरार हुआ और इस घटना में सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर लापरवाही हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में के पास (एसएसबी) ने मन्ना को भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उसके पास न तो पासपोर्ट था और न ही वीजा या कोई अन्य वैध दस्तावेज। गिरफ्तारी के बाद उसे पूर्णिया सेंट्रल जेल के संसीमन केंद्र भेजा गया था, जहां वह पिछले तीन वर्षों से बंद था। बताया जा रहा है कि पूर्णिया सेंट्रल जेल के संसीमन केंद्र में मन्ना के अलावा अन्य विदेशी नागरिक भी रखे गए हैं। ऐसे में इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फरार कैदी की तलाश में जुटी है, जबकि प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है।

 

 

error: Content is protected !!
Exit mobile version