बांका: बिहार के बांका जिले में चर्चित डबल मर्डर मामले के मुख्य आरोपी सचिन सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी द्वारा भागने की कोशिश किए जाने पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए भागलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 5 जुलाई को अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव के पास धर्मराय गांव निवासी सिट्टू सिंह और गुंजन सिंह की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। इनमें से एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी सचिन सिंह फरार चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया था। सचिन सिंह को पुलिस ने देर रात झारखंड के रांची से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हथियार बरामदगी के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया। इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पहले उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन नहीं मानने पर आत्मरक्षा में फायरिंग की गई। गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।