Spread the love

देवघर: देवघर साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल से की गई। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के  जमुई निवासी प्रभात और संदीप कुमार दास के अलावा देवघर जिले के सारठ निवासी संजीत कुमार मंडल तथा देवीपुर निवासी दिनेश दास और अक्षय कुमार दास शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह देशभर के लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देता था।जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों के मोबाइल पर APK फाइल भेजते थे। कभी पीएम किसान योजना का लाभ दिलाने का झांसा देते, तो कभी आरटीओ चालान के नाम पर लिंक या फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल तक पहुंच बना लेते थे। इसके अलावा खुद को कस्टमर केयर अधिकारी या सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर उनके खातों से रकम उड़ा लेते थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त APK फाइल, लिंक या एप्लिकेशन को बिना जांच के डाउनलोड न करें। ऐसे फर्जी लिंक और फाइल साइबर अपराधियों के लिए मोबाइल और बैंक खातों तक पहुंच बनाने का माध्यम बन सकते हैं। साइबर थाना पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने देश के विभिन्न राज्यों में कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इनके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version