Spread the love

रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रांची जोनल कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लातेहार के चर्चित नक्सली हमले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में करीब 3.87 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त कर ली हैं। जब्त की गई संपत्तियां एम/एस संतोष कंस्ट्रक्शन और उससे जुड़े संतोष कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार उर्फ सोनू सिंह, मनीष कुमार, बैजनाथ गंझू, राजेश कुमार गंझू और रवींद्र गंझू के नाम पर हैं।ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई 22 नवंबर 2019 को लातेहार जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-75 स्थित लुकुइया मोड़ पर हुए माओवादी हमले से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के दौरान की गई। इस हमले में झारखंड पुलिस के चार जवान शहीद हो गए थे। घटना के दौरान माओवादियों ने पुलिस के हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी लूट लिया था।जांच के दौरान ईडी को वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों से जुड़े ऐसे साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अवैध धन के स्रोत, उसके उपयोग तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

 

 

error: Content is protected !!
Exit mobile version