Spread the love

जमशेदपुर: अवैध हथियार और कारतूस की सप्लाई करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जुगसलाई थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जिंदा कारतूस, पिस्टल मैगजीन, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध हथियार और एम्युनिशन की सप्लाई से जुड़े गिरोह का एक सक्रिय सदस्य इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 27 वर्षीय सैयद अदनान मिर्जा को उसकी स्विफ्ट डिजायर कार के साथ हिरासत में लिया। पूछताछ और आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त स्थान से दो पिस्टल मैगजीन और चार जिंदा 7.65 एमएम कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन, चार जिंदा कारतूस, दो पिस्टल मैगजीन और इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गिरोह के सदस्यों और अन्य लोगों को जरूरत के अनुसार अवैध हथियार और गोलियां उपलब्ध कराता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सैयद अदनान मिर्जा के खिलाफ पूर्व में भी गोलमुरी थाना में हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं के मामले दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई में जुगसलाई थाना पुलिस और विशेष टीम के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

error: Content is protected !!
Exit mobile version