Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी के मकुलाकोचा स्थित आधुनिक इको रेस्ट हाउस का रविवार को राज्य के नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने उद्घाटन किया। पूजा-अर्चना और गुब्बारे उड़ाकर रेस्ट हाउस का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, वन विभाग एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन के साथ ही इको रेस्ट हाउस पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। मंत्री ने दलमा के डीएफओ को तत्काल बुकिंग प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि पर्यटक दलमा वाइल्डलाइफ और जेटीडीसी की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। रेस्ट हाउस का किराया 3,500 रुपये प्रति रात तय किया गया है, जिसमें नाश्ता भी शामिल रहेगा।


करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से मकुलाकोचा और पिंडराबेड़ा में 15-15 कमरों वाले आधुनिक इको रेस्ट हाउस विकसित किए जा रहे हैं। मंत्री ने बताया कि पिंडराबेड़ा में बन रहा हैंगिंग इको रेस्ट हाउस भी अंतिम चरण में है और जल्द ही पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि मकुलाकोचा का नया इको रेस्ट हाउस पर्यटकों को दलमा की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और शांत वातावरण के बीच ठहरने का अनूठा अनुभव देगा। इससे राज्य में इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उद्घाटन समारोह के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा मंत्री, विधायकों और अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

error: Content is protected !!
Exit mobile version