
रांची: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों और गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया गया। अजय महतो झारखंड पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था और उस पर हत्या, लेवी वसूली, पुलिस पर हमले, लूट और देशद्रोह समेत करीब 200 मामले दर्ज बताए जाते हैं। सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि अजय महतो गिरिडीह जिले के पिरटांड क्षेत्र के जंगलों में सक्रिय है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने विशेष अभियान चलाया और शुक्रवार सुबह उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ से माओवादी संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, लेवी तंत्र और अन्य सक्रिय नक्सलियों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। अजय महतो एक करोड रुपए के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा का करीबी माना जाता है।
अजय महतो बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य माना जाता है। वह लंबे समय से शीर्ष माओवादी नेता मिसिर बेसरा का करीबी सहयोगी रहा है। सुरक्षा एजेंसियां उससे मिसिर बेसरा और अन्य वांछित नक्सली नेताओं की गतिविधियों, ठिकानों और संगठन की रणनीति से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी हैं। अजय महतो मूल रूप से गिरिडीह जिले के पिरटांड का निवासी है। इसी क्षेत्र को शीर्ष माओवादी मिसिर बेसरा का भी प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से झारखंड में नक्सली नेटवर्क के खिलाफ चल रहे अभियान को और मजबूती मिलेगी तथा आने वाले दिनों में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
