
जमशेदपुर: हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी, जमशेदपुर ने बुधवार को नव-सौंदर्यीकृत वोल्टास राउंडअबाउट का उद्घाटन किया। इसका उद्घाटन टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदर रामम और हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी की अध्यक्षा रुचि नरेंद्रन ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी एवं टाटा स्टील यूआईएसएल के सदस्य सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
यह परियोजना “जिम्मेदार नागरिक, जिम्मेदार शहर” अभियान के तहत विकसित की गई है। इसका उद्देश्य शहरवासियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ, हरित एवं टिकाऊ शहर के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी की अध्यक्ष सुमिता नूपुर की पहल पर टाटा स्टील यूआईएसएल के सहयोग से शहर के सबसे व्यस्त राउंडअबाउट्स में से एक को आकर्षक हरित स्थल के रूप में विकसित किया गया है।
राउंडअबाउट का डिजाइन Reduce, Reuse and Recycle की अवधारणा पर आधारित है। इसमें पुनर्चक्रित (रीसायकल) सामग्री से तैयार किए गए लैंडस्केप तत्वों का उपयोग किया गया है, जो यह संदेश देते हैं कि अपशिष्ट सामग्री को रचनात्मक तरीके से सुंदर और उपयोगी सार्वजनिक स्थलों में बदला जा सकता है। इसके अलावा कम रखरखाव वाली और कठिन परिस्थितियों में भी विकसित होने वाली पौध प्रजातियां लगाई गई हैं, जिससे लंबे समय तक हरियाली बनाए रखने के साथ शहर के ग्रीन कवर में भी वृद्धि होगी।
