
हजारीबाग: जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और कथित राहुल दुबे गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग के दो शूटर गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान एक अन्य युवक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग से जुड़े कुछ अपराधी उरीमारी इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बड़कागांव डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने संभावित रास्तों पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।
बाइक सवार युवकों ने पुलिस पर की फायरिंग
वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम को एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। आरोप है कि पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान दो युवकों को गोली लगी, जबकि तीसरा युवक अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाशों की पहचान बादल कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है।
पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने घायल दोनों आरोपियों के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। फरार तीसरे युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
बड़ी वारदात की तैयारी का शक
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बाइक सवार युवक किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में इलाके में पहुंचे थे। हालांकि, उनका वास्तविक उद्देश्य क्या था और गैंग से उनका संबंध कितना गहरा है, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बरामद हथियारों के स्रोत तथा फरार आरोपी की पहचान समेत अन्य बिंदुओं को खंगाला जा रहा है।

