
सरायकेला: जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस ने कई दिनों से लापता दो युवकों के शव बरामद किए। दोनों शव रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के समीप जमीन के नीचे दबे मिले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया पुलिस हत्या के बाद शवों को छिपाने के लिए जमीन में दफन किए जाने की आशंका जता रही है।
मृतकों की पहचान राहुल हांसदा और तपन प्रधान के रूप में हुई है। दोनों युवक 13 अगस्त से लापता थे। परिजनों ने 20 अगस्त को कांड्रा थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले। पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस शनिवार को रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के पास पहुंची। वहां जमीन की खुदाई कराई गई, जिसके बाद दोनों युवकों के शव बरामद हुए।
पूछताछ में खुल सकता है हत्या का राज
दोनों शव एक ही स्थान पर मिलने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से जांचना शुरू कर दिया है। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। हालांकि, हत्या की वजह को लेकर पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि मोबाइल चोरी को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों युवकों के साथ वारदात की गई हो सकती है। हालांकि, पुलिस इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों युवकों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
एक साथ दो युवकों के शव बरामद होने की खबर से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

