
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक आरकेएफएल कर्मी का शव उसके किराये के कमरे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय तपन दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवक ने कथित तौर पर कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या की है। घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है। तपन दास आदित्यपुर के स्टेशन रोड स्थित शक्तिपद सिंह के मकान में किराये पर रहकर आरकेएफएल कंपनी में काम करता था। वह यहां अकेला रहता था, जबकि उसकी पत्नी जमशेदपुर के भुइयांडीह में रहती है। दंपती के दो बच्चे हैं।
कमरे से आने लगी बदबू, तब हुआ घटना का खुलासा
बताया गया कि तपन के कमरे से जब तेज बदबू आने लगी तो आसपास रहने वाले लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना आदित्यपुर पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर तपन का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। शव के पास ही एक देसी कट्टा भी मिला।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया। टीम ने कमरे और आसपास के स्थानों से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि तपन ने बरामद देसी कट्टे से ही खुद को गोली मारी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पत्नी के बयान पर यूडी केस दर्ज
पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर यूडी केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, तपन और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह आदित्यपुर में अकेले रह रहा था। परिजनों से पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि तपन की किसी अन्य महिला से दोस्ती थी। पत्नी ने पुलिस को बताया कि इसी बात को लेकर वह मानसिक तनाव में था। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। तपन दास की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। दो बच्चों के पिता की इस तरह हुई मौत से परिजन सदमे में हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

