
देवघर: आगामी श्रावणी मेले को लेकर देवघर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए राहगीरों और श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र निवासी विष्णु यादव के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और लूट का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, मोहनपुर थाना क्षेत्र में विष्णु यादव हथियार के बल पर वाहनों को रोककर राहगीरों से लूटपाट की वारदात को अंजाम दे रहा था। सूचना मिलते ही देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, विष्णु यादव के खिलाफ देवघर जिले के रिखिया थाना में भी लूट और अन्य आपराधिक मामलों में पहले से केस दर्ज है। बरामद हथियार और मोबाइल को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
श्रावणी मेले की शुरुआत 30 जुलाई से होने वाली है। इस दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। मेले के समय श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर सक्रिय होने वाले अपराधियों पर पुलिस की विशेष नजर है। इसी को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा देवघर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लूट, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
