Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में जमीन बिक्री से मिले रुपये के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की रांची ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।पुलिस के अनुसार, जयपुर गांव में सड़क किनारे स्थित एक जमीन हाल ही में बेची गई थी। इसी जमीन से प्राप्त राशि के बंटवारे को लेकर सोमवार देर रात दो सगे भाइयों के बीच विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान छोटे भाई महेंद्र लागुरी ने पिस्तौल निकालकर अपने बड़े भाई 30 वर्षीय शंकर लागुरी पर गोली चला दी। गोली लगते ही शंकर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल शंकर को चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया। हालांकि, रांची ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से आरोपी महेंद्र लागुरी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इस वारदात के बाद जयपुर गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version