Spread the love

रांची: तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक कीपैड मोबाइल फोन और 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपितों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजा शिव दत्त मलिक उर्फ राजा और आसिफ खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक और बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस जैसे ही राजा शिव दत्त मलिक के घर पहुंची, वहां मौजूद एक युवक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आसिफ खान के रूप में हुई। एनडीपीएस एक्ट की धारा-50 के तहत तलाशी लेने पर उसके पास से करीब तीन ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में आसिफ ने पुलिस को बताया कि उसने यह ब्राउन शुगर राजा शिव दत्त मलिक से खरीदी थी। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने राजा शिव दत्त मलिक के घर की तलाशी ली, जहां से 12 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक कीपैड मोबाइल और 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपित बरामद नकदी और अन्य सामान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने बरामद सभी सामान जब्त कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version