Spread the love
जमशेदपुर: शहर में एसबीआई एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। वर्षों से एटीएम में तैनात पुराने सुरक्षा गार्डों ने नई एजेंसी सीआईएसएस सर्विसेज लिमिटेड पर जबरन हटाने, महिला गार्डों के साथ अभद्रता और बाहरी लोगों को नियुक्त करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर गार्डों ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय आरक्षी अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, एसबीआई एटीएम में लंबे समय से कार्यरत सुरक्षा गार्ड पहले डब्ल्यूवीएसओ इंटरप्राइजेज लिमिटेड के तहत अपनी सेवाएं दे रहे थे। लेकिन एजेंसी बदलने के बाद अब पुराने गार्डों को हटाकर नए लोगों की नियुक्ति किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। गार्डों का कहना है कि नई व्यवस्था के कारण उनके रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है।
सुरक्षा गार्डों ने यह भी आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण धरना के दौरान नई एजेंसी से जुड़े कुछ लोग मौके पर पहुंचे और महिला गार्डों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। इस घटना के बाद गार्डों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
गार्डों के प्रतिनिधि कुमोद कुमार ने बताया कि एसबीआई एटीएम में करीब 150 सुरक्षा गार्ड कार्यरत हैं और सभी अपने रोजगार तथा सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं सुरक्षा गार्डों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
error: Content is protected !!
Exit mobile version