
जमशेदपुर: झारखंड मानवाधिकार संघ (जेएचआरए) ने कोल्हान विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र सुविधाओं तथा प्रशासनिक पारदर्शिता में सुधार की मांग को लेकर राज्यपाल सह कुलाधिपति को सात सूत्री ज्ञापन सौंपा है। संघ के अध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा (किनू) के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि विश्वविद्यालय से संबद्ध कई महाविद्यालयों में संचालित जन सुविधा केंद्रों पर फोटोस्टेट, फॉर्म बिक्री, चालान जमा करने और नामांकन शुल्क जैसी सेवाओं के लिए अलग-अलग दरें वसूली जा रही हैं। इससे विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने सभी कॉलेजों में इन सेवाओं के लिए एक समान और किफायती शुल्क निर्धारित करने की मांग की है।
संघ ने मानगो और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में पूर्व की तरह कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की नियमित पढ़ाई दोबारा शुरू करने की मांग उठाई। इसके साथ ही कॉलेज में पहले संचालित एमबीए, बीबीए और बीसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को भी पुनः प्रारंभ करने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन में विश्वविद्यालय और कॉलेजों में छात्र सुविधाओं को बेहतर बनाने, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। झारखंड मानवाधिकार संघ ने राज्यपाल सह कुलाधिपति से छात्रहित को प्राथमिकता देते हुए सात सूत्री मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया है।

