
चाकुलिया, पूर्वी सिंहभूम: भोजन और पानी की तलाश में जंगली हाथी नगर पंचायत क्षेत्र में भी प्रवेश कर तोड़फोड़ कर रहे हैं। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 के दिघी आंगनबाड़ी केंद्र पर भोजन और पानी के लिए विगत रात जंगली हाथियों ने हमला बोल दिया। प्यासे हाथियों ने आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर लगी पानी की टंकी, टंकी के चबूतरे,पाइप और नल को तोड़ दिया। हाथियों द्वारा ऐसा करने से आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के समक्ष पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है।
आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका तारामनी सोरेन ने बुधवार की सुबह इसकी सूचना सुपरवाइजर लीदी बास्के को दी। सुपरवाइजर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं तथा हाथी द्वारा किए गए नुकसान का मुआयना किया। सेविका तारामनी सोरेन ने बताया कि नालाडीह के रास्ते हाथियों ने गांव में प्रवेश किया और आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचे। इससे पूर्व भी जंगली हाथी चावल खाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्र पर हमला बोल चुके हैं। आंगनबाड़ी के अलावा हाथियों ने दिघी गांव के रघु बेसरा का आम के बागान में पेड़ों की डालियों को को तोड़ कर नुकसान पहुंचाया है।