Spread the love

 

अक्षर संवाद, जमशेदपुर: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबलों में बेल्जियम और स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जबकि संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) और पुर्तगाल का सफर समाप्त हो गया। सबसे भावुक पल तब देखने को मिला जब पुर्तगाल की हार के बाद दिग्गज स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो मैदान पर ही फूट-फूटकर रो पड़े।
सिएटल के सिएटल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बेल्जियम ने मेजबान अमेरिका को 4-1 से करारी शिकस्त दी। बेल्जियम की जीत के हीरो चार्ल्स डी केटेलेरे रहे, जिन्होंने 9वें और 33वें मिनट में दो गोल दागे और एक गोल में असिस्ट भी किया। अमेरिका की ओर से मलिक टिलमैन ने 31वें मिनट में एकमात्र गोल किया। इसके बाद 57वें मिनट में हंस वनाकेन और इंजरी टाइम में रोमेलु लुकाकू ने गोल कर बेल्जियम की शानदार जीत सुनिश्चित कर दी। अब बेल्जियम का सामना क्वार्टर फाइनल में स्पेन से होगा।
वहीं डलास स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हराकर अंतिम आठ में जगह बना ली। मुकाबला काफी रोमांचक रहा, लेकिन इंजरी टाइम के 91वें मिनट में मिकेल मेरिनो ने निर्णायक गोल कर स्पेन को जीत दिला दी। इस हार के साथ 41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना टूट गया। मैच समाप्त होने के बाद रोनाल्डो भावुक होकर मैदान पर ही रो पड़े।
हार के बाद पुर्तगाल के मुख्य कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अब क्वार्टर फाइनल में स्पेन और बेल्जियम के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी, जहां दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पूरा दम लगाएंगी।

error: Content is protected !!
Exit mobile version