Spread the love

देवघर: झारखंड के देवघर जिले में शनिवार सुबह आयकर विभाग ने मोहनपुर प्रखंड की बलथर पंचायत की मुखिया सुनीता देवी के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई सुबह से जारी है और आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें उनके पैतृक गांव तथा शहर स्थित आवास पर दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की गहन जांच कर रही हैं। भागलपुर, धनबाद और देवघर से पहुंचे आयकर विभाग के अधिकारियों ने सबसे पहले बलथर गांव स्थित पैतृक आवास और इसके बाद बैजनाथपुर मोहल्ले में स्थित उनके शहरी आवास को जांच के दायरे में लिया। दोनों स्थानों पर अधिकारियों की टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य कागजात की पड़ताल में जुटी है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दोनों परिसरों के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, ताकि जांच प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के पूरी की जा सके। अधिकारियों ने फिलहाल किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा रखी है।

सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई बिहार से जुड़े किसी आयकर मामले के सिलसिले में की जा रही है। हालांकि आयकर विभाग की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। जांच किस मामले में हो रही है और किन बिंदुओं पर फोकस किया गया है, इसे लेकर विभाग ने चुप्पी साध रखी है। सुबह से जारी इस कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी। वहीं पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच भी इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच के दौरान विभाग को कोई आपत्तिजनक दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं या नहीं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version