Spread the love

संगीता पांडेय, रांची: एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और गौरवपूर्ण वातावरण के बीच मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के बाद ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुई। समारोह में मुख्य अतिथि झारखंड रियल एस्टेट अपीलीय न्यायाधिकरण, रांची की प्रथम चेयरमैन बीबी मंगल मूर्ति तथा विशिष्ट अतिथि डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड जोन-बी के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एम.के. सिन्हा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली गाथा को मंच पर जीवंत किया। ‘स्वराज समाचार’ और ‘दांडी मार्च’ पर आधारित नृत्य-नाटिका के जरिए महात्मा गांधी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक आंदोलनों तथा स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। अंग्रेजी भाषण, ‘मातृभूमि को श्रद्धांजलि’ और एक्शन सॉन्ग ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

तकनीक का इस्तेमाल करें, लेकिन उसके गुलाम न बनें : प्रधानाचार्य
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. तापस घोष ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व और उनके सामाजिक दायित्वों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को अपनी बुद्धिमत्ता के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता का भी सकारात्मक उपयोग करना चाहिए। तकनीक हमारे जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम है, इसलिए हमें यह याद रखना होगा कि तकनीक हमारे लिए है, हम तकनीक के लिए नहीं।
विशिष्ट अतिथि एम.के. सिन्हा ने विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, मानवीय मूल्य और जिम्मेदारी की भावना भी जरूरी है। उन्होंने आर्य रत्न पद्मश्री पूनम सूरी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि महापुरुषों ने देश को आजादी दिलाई, अब उसकी रक्षा और सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

मार्शल आर्ट प्रदर्शन ने बढ़ाया उत्साह
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने शानदार मार्शल आर्ट का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया। मुख्य अतिथि बीबी मंगल मूर्ति ने अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने और देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
वरिष्ठ शिक्षिका इंदिरा घोष ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। पूरे समारोह ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

error: Content is protected !!
Exit mobile version