Spread the love

जमशेदपुर: औद्योगिक शहर जमशेदपुर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से पीएम गति शक्ति योजना के तहत समेकित लॉजिस्टिक प्लान तैयार करने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी संबंधित विभागों और स्टेकहोल्डर्स ने भाग लिया।
बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्र के विकास, परिवहन व्यवस्था को सुगम बनाने, लॉजिस्टिक सिस्टम को मजबूत करने और माल परिवहन की दक्षता बढ़ाने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सड़क, रेल और अन्य परिवहन अवसंरचना को एकीकृत दृष्टिकोण से विकसित करने के लिए अपनी आवश्यकताओं का प्रतिवेदन तैयार करें।
उन्होंने कहा कि पीएम गति शक्ति योजना के माध्यम से मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी को मजबूत कर उद्योगों की लागत कम करने और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा देना सरकार का लक्ष्य है। इसके तहत उद्योग महाप्रबंधक को सभी स्टेकहोल्डर्स से सुझाव लेकर अप्रैल के पहले सप्ताह तक समेकित रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता पड़ने पर अनुभवी कंसलटेंट की भी मदद ली जाएगी।
बैठक में टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, नुवोको सीमेंट, विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, चैंबर ऑफ कॉमर्स, एनएचएआई और अन्य एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव साझा किए। सभी ने लॉजिस्टिक प्लान को प्रभावी और व्यवहारिक बनाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई।
यह पहल जमशेदपुर को एक मजबूत औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Exit mobile version