Spread the love

जमशेदपुर:बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित डीबी रोड पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। सुबह करीब सात बजे हुए इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर TVS XL (JH 05 BU 8686) से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार (JH 05 EF 9444) अचानक अनियंत्रित हो गई और बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी। अनियंत्रित वाहन आगे बढ़ता रहा और सड़क पर मौजूद तीन अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का खुलासा होगा।
सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वाहन की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version