
सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले के बोलबा थाना क्षेत्र अंतर्गत पालेमुंडा गांव में शनिवार को जमीन से जुड़े पुराने विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया, जिसमें धारदार हथियार से हमला कर भुवनेश्वर महतो की हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब खेत में जुताई का काम चल रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में गंभीर विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद 5 से 7 लोग एकजुट होकर भुवनेश्वर महतो के घर पहुंचे और उन पर तलवार, चाकू समेत अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल भुवनेश्वर महतो की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान हमलावरों ने मृतक के बेटे को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। बाद में जब वह घर लौटा तो उसके पिता खून से लथपथ हालत में आंगन में पड़े मिले। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बोलबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच और मृतक के बेटे के बयान के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की साजिश, सभी आरोपियों की भूमिका और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।