Spread the love

दुमका: झारखंड के दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के जामजोरी गांव में शनिवार सुबह अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और फरार आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मृतक की पहचान जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड स्थित चापुड़िया गांव निवासी 42 वर्षीय देवराज दत्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हत्या का आरोप जामजोरी गांव निवासी सुभाष मुर्मू पर है, जो वारदात के बाद से फरार है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि देवराज दत्ता का जामजोरी गांव की एक विवाहित महिला से लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से महिला के घर पर ही ठहरा हुआ था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना गांव के प्रधान ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझाकर मामला शांत कराया। कुछ देर बाद जब सभी लोग घर में थे, तभी आरोप है कि सुभाष मुर्मू ने अपनी पत्नी के सामने ही देवराज दत्ता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल देवराज को ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता तरुण दत्ता ने आरोप लगाया कि अवैध संबंध के शक में उनके बेटे की हत्या की गई है। वहीं मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना की वजह अवैध संबंध का विवाद सामने आया है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक के खिलाफ मसलिया थाना में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज थे और वह जेल भी जा चुका था। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version