Spread the love

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा मोड़ पर शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना रात करीब 9:30 बजे की है, जब नशे की हालत में मौजूद कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और धारदार हथियार व लोहे के पाइप से हमला कर दिया गया। इस हिंसक झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला भी हमले का शिकार बन गई। जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने चापड़ से हमला कर दिया, जिससे विष्णु सिंह सरदार और राहुल सरदार घायल हो गए। इसी बीच विष्णु सिंह सरदार की पत्नी अपने पति को बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी लोहे के पाइप से वार कर दिया। महिला को भी गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत टेल्को थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नीग्रो को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version