Spread the love

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रमथ नगर जूही रोड में बेखौफ चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर गोविंद चंद्र हांसदा के घर में घुसकर पूरे मकान को खंगाल डाला।
बताया जा रहा है कि वारदात के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। गोविंद चंद्र हांसदा वर्तमान में पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर में पदस्थापित हैं, जबकि उनकी पत्नी और बेटी करीब दो सप्ताह से पंजाब गई हुई हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने इत्मीनान से चोरी की घटना को अंजाम दिया।
घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब पिछले 11 वर्षों से घर की देखरेख कर रही महिला बसंती पात्रो काम पर पहुंची। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गई। घर के कमरों के ताले टूटे हुए थे और अलमारियों का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
बसंती पात्रो ने तुरंत पड़ोसियों और मकान मालिक को इसकी सूचना दी, जिसके बाद परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चोरों ने घर के हर कोने, यहां तक कि गैरेज तक को खंगाल डाला। मौके पर कई खाली ज्वेलरी बॉक्स भी मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि लाखों की चोरी हुई है।
हालांकि, परिवार के शहर से बाहर होने के कारण अभी तक चोरी गए सामान और जेवरातों का सटीक आकलन नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इधर, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।

 

error: Content is protected !!
Exit mobile version