Spread the love

सिद्धार्थ पाण्डेय / चाईबासा

जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु ने सोमवार को वैतरणी नदी तट पर स्थित प्रसिद्ध रामतीर्थ (रामेश्वर धाम) मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। उन्होंने जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे झारखंड के लोगों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष प्रभात प्रधान समेत समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।

विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि रामतीर्थ क्षेत्र धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। वैतरणी नदी के तट पर स्थित यह स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार की भी अपार संभावनाएं हैं। वैतरणी नदी का बेहतर विकास और सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय लोगों के लिए व्यवसाय के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

रामतीर्थ रामेश्वर धाम पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। स्थानीय मान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम वनवास के दौरान माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ यहां पहुंचे थे। उन्होंने वैतरणी नदी के तट पर विश्राम किया और अपने हाथों से शिवलिंग की स्थापना कर भगवान शिव की पूजा की थी। यहां भगवान राम के पदचिह्न होने की भी मान्यता है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, भगवान राम यहां से जाते समय अपनी खड़ाऊं और पदचिह्न छोड़ गए थे। बाद में देवगांव के एक देवरी को स्वप्न के माध्यम से इस स्थान के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने यहां मंदिर का निर्माण कराया। ग्रामीणों के अनुसार मंदिर का निर्माण वर्ष 1910 के आसपास हुआ था।

वर्तमान में रामतीर्थ परिसर में रामेश्वर शिव मंदिर, सीताराम मंदिर, भगवान जगन्नाथ मंदिर और बजरंगबली मंदिर सहित चार प्रमुख मंदिर हैं। प्रत्येक सोमवार यहां पूजा-अर्चना होती है। सावन, महाशिवरात्रि, कार्तिक पूर्णिमा और मकर संक्रांति के अवसर पर विशेष आयोजन किए जाते हैं। मकर संक्रांति पर यहां बड़ा मेला लगता है, जिसमें झारखंड के अलावा ओडिशा के मयूरभंज और सुंदरगढ़ से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

विधायक ने कहा कि रामतीर्थ को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है। वैतरणी नदी क्षेत्र के विकास से ग्रामीणों के लिए रोजगार और व्यवसाय के नए रास्ते खुल सकते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version