
चाकुलिया, पूर्वी सिंहभूम: चाकुलिया प्रखंड में जुलाई महीना में तीन प्रमुख पहाड़ पूजा कान्हाईश्वर, गोटाशिला एवं खोड़ीपहाड़ी पूजा को लेकर 1 जुलाई की शाम को चाकुलिया थाना में पुलिस प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में पहाड़ पूजा के दौरान जन सुविधाओं का ध्यान रखने तथा विधि व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बैठक में स्थानीय विधायक समीर मोहंती ने शिरकत करते हुए कहा कि पहाड़ पूजा इस क्षेत्र का एक प्रमुख महोत्सव है। कान्हाईश्वर पहाड़ पूजा के दौरान झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा से भी हजारों श्रद्धालु यहां आते हैं। चाकुलिया से लेकर जयनगर तक गाड़ियों की लंबी कतार लग जाती है। इस दौरान ट्रैफिक एवं कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखना पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन के पदाधिकारियों से पहाड़ पूजा एवं मेला के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की मदद के लिए अलर्ट रहने के लिए कहा। पहाड़ पूजा के दौरान जर्जर सड़कों की मरम्मत, पेयजल तथा मेडिकल वैन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग कमेटी के तरफ से की गई।
