जमशेदपुर में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा मामला बिस्टुपुर थाना क्षेत्र का है, जहां बाइक सवार अपराधियों ने चलती मोटरसाइकिल पर जा रही महिला से पर्स छीन लिया। छिनतई के दौरान महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गौरी शंकर पांडेय अपनी पत्नी के साथ साकची ओल्ड बुक स्टोर से वापस जेआरडी स्टेडियम मुख्य सड़क होते हुए घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार अपराधी उनकी मोटरसाइकिल के करीब पहुंचे और महिला के हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना में महिला संतुलन खो बैठीं और चलती बाइक से नीचे गिर गईं, जिससे उन्हें चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर अपराधियों की पहचान में जुट गई है। लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।




