Spread the love

जमशेदपुर: टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टीएसजेडपी) में सोमवार को आयोजित एक समारोह में 34 वर्षों तक समर्पित सेवाएं देने वाले दो वरिष्ठ कर्मचारियों आर. श्रीनिवासन और लिम्सा हरपाल को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर उनके लंबे कार्यकाल, निष्ठा और जूलॉजिकल पार्क के विकास में दिए गए योगदान की सराहना की गई।
आर. श्रीनिवासन ने वर्ष 1992 से फील्ड एसोसिएट के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। उन्होंने जूलॉजिकल पार्क के निर्माण, रखरखाव और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, लिम्सा हरपाल ने पशु चिकित्सा अस्पताल में कार्य करते हुए बीमार और घायल वन्यजीवों तथा पक्षियों की देखभाल और उपचार में उल्लेखनीय योगदान दिया।

विदाई समारोह में टीएसजेडएस वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, मानद सचिव कैप्टन अमिताभ, एचआर टीम के विकास कुमार और तौशीफ इकबाल, जूलॉजिकल पार्क के निदेशक डॉ. नईम अख्तर, डॉ. एम. पालित, डॉ. संजय कुमार महतो, डॉ. सीमा रानी सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। रघुनाथ पांडेय ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके 34 वर्षों के समर्पित योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं। कैप्टन अमिताभ ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का नया अध्याय है और दोनों कर्मचारियों को समाज और परिवार के साथ सक्रिय रहकर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

डॉ. नईम अख्तर ने दोनों कर्मचारियों के लंबे कार्यकाल और जूलॉजिकल पार्क के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद करते हुए उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की। डॉ. एम. पालित, डॉ. संजय कुमार महतो, विकास कुमार, विजय मुखी और लल्लन सिंह सहित अन्य सहकर्मियों ने भी उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए और उनके समर्पण की सराहना की। समारोह के अंत में आर. श्रीनिवासन और लिम्सा हरपाल को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति-पत्र, सम्मान राशि और लॉन्ग सर्विस अवॉर्ड प्रदान किया गया। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद और समृद्ध सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

error: Content is protected !!
Exit mobile version